गर्भनिरोधक गोली खाने का तरीका, नुकसान और फायदे!

गर्भनिरोधक गोली खाने का तरीका, नुकसान और फायदे!

तरीका

गर्भनिरोधक गोलियां भी कई तरह की होती हैं। कुछ में प्रोजेस्टिन और एस्ट्रोजन दोनों हार्मोन होते हैं उन्हें मिश्रित गर्भनिरोधक गोली कहते हैं। वहीं कुछ गोलियां ऐसी होती हैं जिनमें सिर्फ प्रोजेस्टिन ही होता है। हर महिला के लिए हर तरह की गोली उपयुक्त नहीं होती है इसलिए बिना गायनेकोलॉजिस्ट  की सलाह लिए इन दवाइयों का सेवन ना करें।

गर्भनिरोधक गोली खाने का तरीका बिल्कुल आसान है। आप जिस ब्रांड की दवा खा रही हों सबसे पहले उस दवा के दिशा निर्देशों को गंभीरता से पढ़ें और साथ ही साथ डॉक्टर की सलाह का गंभीरता से पालन करें। आमतौर पर गर्भनिरोधक गोली को रोजाना एक निर्धारित समय पर ही खाना चाहिए। आप इसके लिए दिन में कोई भी एक वक़्त निर्धारित कर सकती हैं। अगर आप किसी दिन ये गोली खाना भूल जाती हैं तो जैसे ही याद आये एक गोली खा लें और फिर अगले दिन निर्धारित समय पर अगली गोली खाएं। अगर आप गोली खाना भूल गयी हैं और अगले दिन दवा खाने का समय आ गया है तो उस दिन दो गोली एक साथ खा लें और फिर आगे से पहले की तरह रोजाना एक गोली खाना जारी रखें।

इस बात का विशेष ध्यान रखें कि जिस दिन आप गोली खाना भूल जाएं उस दिन गर्भनिरोध के दूसरे उपाय जैसे कि कंडोम आदि जरुर अपनाएं।

नुकसान

सामान्य तौर पर गर्भनिरोधक गोली खाने से कोई गंभीर दुष्प्रभाव नजर नहीं आते हैं। जबकि कई महिलायें गर्भनिरोधक गोली के साइड इफ़ेक्ट से डरकर ही इसे खाने से कतराने लगती हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए बल्कि इस बारे में खुलकर अपने डॉक्टर से बात करें। गर्भनिरोधक गोली के दुष्प्रभाव के कारण उल्टी, मिचली आना, स्तनों में दर्द या सूजन, माहवारी के बीच में खून के छीटें नजर आना, व्यवहार में बदलाव आदि समस्याएं हो सकती हैं लेकिन ये ज्यादा गंभीर रुप से नहीं होती हैं। अगर इनमें से कोई भी समस्या ज्यादा गंभीर रुप से हो रही है तो तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।

फायदे

अनचाहे गर्भ से बचने के लिए गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल करना सबसे प्रभावी माना जाता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गर्भनिरोधक दवाइयां ना सिर्फ गर्भधारण को रोकती हैं बल्कि यह अनियमित मासिक चक्र को भी नियमित करती हैं। पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में हार्मोन से जुड़ी अनियमितताएं पायी जाती हैं, यही वजह है कि पीसीओएस से पीड़ित कुछ महिलाओं को डॉक्टर गर्भ निरोधक गोलियां खाने को सलाह देते हैं। इसके अलावा जो महिलायें अभी हाल फिलहाल में दूसरा बच्चा नहीं चाहती हैं या दोनों बच्चों के बीच अंतराल रखना चाहती हैं उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार इन गोलियों का नियमित सेवन करना चाहिए। गर्भनिरोधक गोलियों को रोजाना एक ही समय पर खाना ज्यादा अच्छा माना जाता है।

इसके अलावा गर्भनिरोधक गोलियों का सबसे अच्छा फायदा यह है कि अब आप बेहिचक कभी भी सेक्स का आनंद ले सकती हैं और जब भी गर्भवती होना चाहें तो गोलियों का सेवन बंद कर सकती हैं। बाकी अन्य गर्भ निरोधक उपायों की तुलना में गर्भनिरोधक गोलियों की सफलता दर अधिक होती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार अगर गर्भनिरोधक दवाइयों का सही ढंग से नियमित इस्तेमाल किया जाए तो इनकी सफलता दर 99% रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *